मंदसौर जिले के दलौदा में घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची को लोडिंग वाहन ने कुचल दिया। दो टायर बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना सोमवार शाम की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज मंगलवार सुबह सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दलौदा में रहने वाले अभिषेक जैन की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह लोडिंग वाहन के सामने आ गई, जो पानी की केन से भरा हुआ था। ड्राइवर बच्ची को नहीं देख पाया और वाहन आगे बढ़ा दिया। गाड़ी के लेफ्ट साइड के दोनों टायर मासूम के ऊपर से निकल गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बच्ची को उठाया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। तस्वीरों में देखें पूरा घटनाक्रम… प्रशासन ने मर्ग कायम किया
एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। फिलहाल बच्ची के परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दर्ज करवाई है। शिकायत मिलने के बाद आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


