बच्चे को बचाते हुए भागती रही युवती दौड़ाकर हंसिये से वार करता रहा पति

सिविल लाइन में शनिवार की सुबह युवक ने अपनी पत्नी पर हंसिये से जानलेवा हमला किया। युवती की गोद में उसका बच्चा था। बच्चे को गोद लेकर वह खुद को बचाते हुए भागती रही और वह दौड़ाकर उस पर हमला करता रहा। बाद में वहां लोगों के जमा होने पर वह भाग निकला। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पति पत्नी तीन साल से अलग रहते हैं। पुलिस के अनुसार पीड़िता चेतनी परमार माता गैराज के पीछे अग्रवाल सायकल शोरुम में काम करती है। सुबह वह काम के दौरान किसी वजह से शोरुम के बाहर निकली। थोड़ी दूर में उसका पति युगांधर परमार खड़ा था। चेतनी को देखते ही वह उसके करीब आया और अपने साथ मंदिर हसौद चलने कहने लगा। पीड़िता चेतनी ने मना कर दिया। उसने कहा वह एकाएक ऐसे नहीं जा सकती। आरोपी ने फिर भी साथ चलने की जिद की। हर बार मना करने से वह नाराज हो गया। उसने चेतनी के साथ बदसलूकी की। विरोध करने पर उसने कपड़ों में छिपाकर रखा हंसिया निकाला और हमला कर दिया। इस दौरान चेतनी का बच्चा उसकी गोद में था। उसके बाद भी आरोपी उस पर लगातार हंसिये से हमला करता रहा। युवती मदद के लिए चीख पुकार मचाते हुए कांप्लेक्स में घुसी। आरोपी युगांधर वहां भी घुस गया। इस दौरान कुछ लोगों ने बीच बचाव का प्रयास किया। उन्होंने आरोपी को चिल्लाया, तब वह भागा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हंसिया भी बरामद कर लिया है। पति पत्नी के बीच विवाद की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर बताया कि आरोपी उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से वह ससुराल छोड़कर शहर आकर रहने लगी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *