भास्कर न्यूज | राजनांदगांव युगांतर पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव अभिव्यक्ति का आयोजन राजनांदगांव के कलेक्टर जितेंद्र यादव तथा डॉ.ज्योति यादव चर्म रोग विशेषज्ञ की उपस्थिति में हुआ। इस वार्षिकोत्सव में समुद्र मंथन-अमृत कलश की गाथा, हमारे विघ्नहर्ता श्री गणेश, शेर-ए-पंजाब-रणजीत सिंह जी, हमारे अन्नदाता, ट्रिब्यूट टू धर्मेंद्र जी, नई आवाज की पहचान जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण के केंद्र रहे। इनके अलावा विद्यार्थियों द्वारा और भी रोचक आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं, जिसमें विद्यार्थी गीत, नृत्य, अभिनय जैसी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करके खूब वाहवाही बटोरी। इस अवसर पर कलेक्टर यादव ने कहा कि बच्चों के कॅरियर निर्माण के लिए उनकी इच्छा ही सर्वोपरि होती है। पालकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों के कॅरियर निर्माण में उनकी इच्छाओं पर ही विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बच्चे क्या बनना चाहते हैं-इस आधार पर उनका मार्गदर्शन किया जाना चाहिए। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पदक और छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। सी टॉप एक्जाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी सम्मानित हुए। नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यालय के चयनित विद्यार्थी तथा ऐसे भूतपूर्व विद्यार्थी जिन्होंने उच्च मुकाम हासिल किए हैं, वे भी सम्मानित हुए। खेल, अनुशासन, साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सर्वोत्कृष्ट स्थान अर्जित करने वाले विजेता हाउस की घोषणा भी हुई। प्रतिभावानों को स्कॉलरशिप प्रदान की: प्राचार्य मधुसूदन नायर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाया। विद्यालय की वार्षिक पत्रिका युगांतर विजन का विमोचन कलेक्टर जितेंद्र यादव ने किया। विद्यालय के निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी ने कहा कि कलेक्टर द्वारा सिविल सेवा के लिए किए जाने वाला मार्गदर्शन अद्वितीय है। चेयरमैन अजय सिंगी ने कहा कि युगांतर विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है।


