भास्कर न्यूज | राजनांदगांव चिखली स्कूल मैदन में आयोजित 5वीं रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का समापन, फाइनल मैच का पुरस्कार वितरण हुआ। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे ने की। फाइनल मुकाबले में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस बिलासपुर ने रायपुर अकादमी को 7-0 गोल से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर की ओर से सुमित मिंज ने 3 गोल, जबकि रोबित एक्का और ओम यादव ने 2-2 गोल किया। बिहार की टीम ने उत्तर प्रदेश को हराकर तृतीय स्थान पर कब्जा किया। रोमांचक मैच में बिहार ने उत्तर प्रदेश को 5-4 गोल से पराजित किया। बिहार की टीम से राहुल झा तथा हेमरम नमझम ने 2-2 गोल, संदीप लोहार ने 1 गोल किया। उत्तर प्रदेश टीम की से देवेंद्र ने 2 गोल तथा नितिन और हिमांशु ने 1-1 गोल किया। निर्णायक के रूप में कृष्णा यादव, इंद्रपाल सिंह, सुनील साहू, संतोष साहू, सूरज साहू, राजेश निर्मलकर, सुखदेव निर्मलकर एवं सौरभ श्रीवास ने सेवा प्रदान की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हेमरम नमजम, रोबिट एक्का, लवी मानिकपुरी, मोहित कश्यप, राहुल ठाकुर, बृजेश यादव, प्रताप सिंह राजपूत आदि कोे सम्मानित किया। विजेता और उप विजेता टीम को किया सम्मानित विजेता टीम बिलासपुर को मंचस्थ अतिथियों ने प्रथम पुरस्कार स्वर्गीय सुरजीत सिंह भाटिया की स्मृति में बलदेव सिंह भाटिया द्वारा प्रदत्त 31 हज़ार प्रदान किया गया। लीजेंडरी हॉकी प्लेयर अनूप श्रीवास्तव ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता रायपुर को बहादुर अली द्वारा अजीज मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट से 21 हजार दिया गया। तृतीय स्थान पर रही बिहार को स्वर्गीय काशीनाथ बाजपेई स्मृति में नीरज बाजपेई द्वारा 11 हजार नकद पुरस्कार दिया गया। प्रदान किया गया। बेस्ट दर्शक का अवार्ड मो. राशिद वार्ड 10 को प्रदान किया गया। 5 लाख व खेल सामग्री के लिए 3 लाख की घोषणा मुख्य अतिथि अरुण साव ने कहा राजनांदगांव राज्य में प्रेरणा का केंद्र और हॉकी की नर्सरी है। हॉकी का गौरवशाली इतिहास रहा है। रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी और अंतर राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे चिखली स्कूल के मैदान में 300 से ज्यादा खिलाड़ियों को निशुल्क हॉकी ट्रेनिंग दे रहे है। मैदान से जोड़कर के खेल, शिक्षा, अनुशासन, स्वास्थ्य और नशे से दूरी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य सराहनीय है। खिलाड़ी हमेशा सीखता है। आयोजन के लिए 5 लाख और खेल सामग्री के लिए 3 लाख की घोषणा की।


