बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद में भागीदारी भी आवश्यक है: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | बालोद जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली में आयोजित फुटबॉल फॉर स्कूल प्रोग्राम के अवसर पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास है। इसके लिए मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। इस अवसर पर कलेक्टर मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने छात्रों को फुटबॉल खेल के महत्व के बारे में बताया और कहा कि यह खेल नेतृत्व, अनुशासन, भाईचारा, संयम और उच्च स्तरीय मानवीय गुणों के विकास में मदद करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी भाग लें और अपने समय का सदुपयोग करें। कलेक्टर ने विद्यालय के अटल टिकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास आदि का अवलोकन किया। उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों से अध्ययन- अध्यापन, भोजन, आवासीय सुविधाओं और अन्य व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निर्माणाधीन विजिटिंग रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश दिए। प्राचार्य एनपी नामदेव ने कलेक्टर और अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम शिवनाथ बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज देव उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *