बच्चों को भगवान से जोड़ें मोबाइल से नहीं : गोपाल

भास्कर न्यूज | बारां शहर के अस्पताल रोड़ स्थित सार्वजनिक संस्था धर्मादा धर्मशाला में चल रही भागवत कथा में शनिवार को कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। भागवत कथा के दौरान व्यास पीठ पर विराजमान होकर वृंदावन के संत गोपाल कृष्णाचार्य ने कहा कि बच्चों को भगवान से जोड़े मोबाइल से नहीं। अगर बच्चे का भगवान से प्रेम हो गया तो उसका जीवन सुधर जाएगा। आज की वर्तमान पीढ़ी मोबाइल में ज्यादा समय दे रही है, मोबाइल का सदुपयोग हो तो अच्छा है। ज्यादातर मोबाइल का दुरुपयोग हो रहा है। बच्चे कई अपराधों की ओर बढ़ रहे हैं, जो उनके जीवन के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बच्चे सामूहिक रूप से खेलों में भाग लेते थे। जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास होता था। आज बच्चे शारीरिक श्रम की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे वह छोटी उम्र में ही कई बीमारियों से ग्रस्त होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम हमारा समय भगवान के ध्यान व कीर्तन में लगाएंगे तो हम सफलता की बुलंदियों पर पहुंच पाएंगे। युवा पीढ़ी व बच्चों को संस्कार दें धर्म ग्रंथों का अध्ययन कराए। भागवत कथाओं में लेकर जाए, सतगुरु के चरणों में शरणागति करवाए ताकि उनका जीवन धन्य बन सके। इसके पूर्व महाराज का व्यास पीठ पर विराजमान होने के बाद कथा दिवस यजमान ओम विजय, सुरेंद्र विजय, राकेश विजय, देवकी नंदन विजय, चंद्र भूषण विजय ने परिवार समेत व्यास पीठ का पूजन किया। कथा में शनिवार को मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम है, उन्होंने हर काम मर्यादा में रहकर किया हमारा भी दायित्व बनता है कि हम भी भगवान राम के समान अपने दायित्व का निर्वहन करें। इसके बाद भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव उत्सव के रूप में मनाया। ढोल नगाड़े, पुष्प वर्षा के साथ भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। भाव विभोर होकर भक्त भजनों में झूम उठे। आयोजन समिति अध्यक्ष जय नारायण हल्दिया ने बताया कि कथा में रविवार को 56 भोग व गोवर्धन पूजन की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *