भास्कर न्यूज| चाईबासा पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अग्निशमन विभाग चाईबासा के सहयोग से फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। स्कूल परिसर में मॉक ड्रिल कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों को अग्निकांड जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था। मॉक ड्रिल कार्यक्रम का नेतृत्व रामयश सिंह, अग्निशमन पदाधिकारी, चाईबासा व टीम में मौजूद शिवदयाल महतो, गोपाल कुमार एवं अन्य के द्वारा किया गया। उनकी टीम ने सैद्धांतिक व प्रयोगिक रूप से एक-एक विषय को अत्यंत सरल, सहज, कुशलतापूर्वक व प्रभावशाली ढंग से बारीकी से बताया। मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने के संभावित कारणों, बचाव, प्राथमिक उपाय, आपातकालीन सावधानियां व रेस्क्यू प्रक्रिया एवं निकासी मार्ग से सकुशल निकासी का प्रशिक्षण दिया। टीम ने फायर एक्सर्टिग्विशर, बालू की बोरी और पानी के सही इस्तेमाल की विधि व सावधानियां बताई। आग लगने में ठोस द्रव व गैस पदार्थ की क्या-क्या भूमिका रहती है। इसके बारे में विस्तार से बताया। खासकर के घर के रसोई में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में क्या और कैसे करें, इसके बारे में विस्तार से प्रैक्टिकल के द्वारा बताया गया। कई बच्चों ने मॉक ड्रिल में प्रत्यक्ष रूप से प्रैक्टिकल में भाग लिया। बताया गया आगजनी या आपात स्थिति में मोबाइल नंबर 7488226522 एवं 9304953421 पर चाईबासा स्थित अग्निशमन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष राम ध्यान मिश्रा, सदस्य अनंत लाल विश्वकर्मा, स्कूल के प्रधानाचार्य रामाकांत राणा ने विभाग के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में काफी संख्या में स्कूली छात्र, शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे।


