भास्कर न्यूज | जशपुरनगर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत जशपुर नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन हाई स्कूल में ‘जॉय ऑफ द मंथ’ कार्यक्रम के तहत एक प्रेरणादायक स्टेज प्ले का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज को नैतिकता और अनुशासन का संदेश दिया। इससे पहले बच्चों को पांच प्रेरणादायी फिल्में दिखाई गई थीं। उन फिल्मों से मिले पांच प्रमुख जीवन मूल्यों को चुनकर विद्यार्थियों ने नाट्य रूप दिया। ‘आशा की किरण’, ‘खामोशी भी बोलती है’, ‘सच की जीत’ और ‘पढ़ने की चाह’ जैसे शीर्षकों के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने साहस, ईमानदारी, जिज्ञासा और सम्मान जैसे मूल्यों को जीवंत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरविंद भगत ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। निर्णायक मनीषा भगत ने बच्चों के सधे हुए संवाद और भावपूर्ण अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर में इस स्तर के नाट्य कार्यक्रम गर्व का विषय हैं। पहली बार छोटे बच्चों को इतने आत्मविश्वास के साथ संवाद अदायगी करते देखा है। विद्यालय परिवार के अध्यक्ष जय कुमार जैन ने कहा कि वे हर बार इस कार्यक्रम में आते हैं और बच्चों के अभिनय से कुछ नया सीखकर लौटते हैं। सचिव स्वाति जैन ने मंच की महत्ता बताते हुए कहा कि यह बच्चों के लिए सीखने का सशक्त माध्यम है, जहाँ वे अपनी झिझक छोड़कर निखरते हैं। ‘जॉय ऑफ द मंथ’ के पांचवें चरण में विजेताओं की घोषणा की गई। सीनियर ‘मोटिवेटर ग्रुप’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर ‘इनोवेटर ग्रुप’ विजेता रहा। इसके साथ ही इनोवेटर एवं प्रोग्रेशन ग्रुप के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के उपाध्यक्ष, सचिव, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रोत्साहन ही विद्यालय को शिक्षा के साथ संस्कार देने की दिशा में प्रेरित करता है।


