भागीरथपुरा इलाके में ड्रग्स रैकेट चलाने के आरोप में भाजपा पार्षद संध्या यादव (वार्ड 6) के भतीजे गौरव यादव को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर लिया है। गौरव इलाके में नाबालिगों की गैंग के जरिए ड्रग्स की सप्लाई कराता था। पुलिस ने पहले ही दो पैडलर्स से करीब डेढ़ किलो गांजा और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, भागीरथपुरा चौकी पुलिस ने पहले कुछ नाबालिगों को पकड़ा था, जिनसे पूछताछ में यश उर्फ चांदतारा और सोनू माली के नाम सामने आए। दोनों की गिरफ्तारी के बाद जांच में गौरव यादव का कनेक्शन उजागर हुआ। पुलिस अब गौरव के नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियां तलाश रही है। पुलिस तीन महीनों में 13 केस में 20 आरोपियों के साथ 15 लाख से ज्यादा की ब्राउन-शुगर, गांजा व अन्य मादक पदार्थ जब्त कर चुकी है। पैडलर्स सोनू माली की कॉल डिटेल से पता चला कि वह गौरव से संपर्क में था। इनकी वाट्सएप चैटिंग भी ड्रग्स कारोबार को लेकर मिली। इसी के आधार पर गौरव को आरोपी बनाया गया। गौरव प्रतापगढ़ के ड्रग्स माफियाओं से भी जुड़ा है। वहीं से थोक में ड्रग्स बुलाकर भागीरथपुरा में बिकवाता रहा है। राजस्थान के ड्रग्स माफिया से सीधे संपर्क सामने आए सुमित ठक्कर की रिपोर्ट भागीरथपुरा चौकी पुलिस ने क्षेत्र से हाल ही में करीब 20 तस्कर और 5 पेडलर्स को पकड़ा है। इनसे पूछताछ में कई भाजपा नेताओं के इस नेटवर्क से जुड़े होने के सुराग मिले हैं। क्षेत्र के कुछ प्रभावी नेताओं के बच्चे ही ड्रग्स का नेटवर्क चला रहे हैं। आधा दर्जन कार्रवाई के बाद भाजपा नेता केदार योगी के बेटे विनायक उर्फ विनु योगी की संलिप्तता मिली। उसकी गिरफ्तारी के बाद मनीष उर्फ राजकुमार नायक, देव सेंगर, अमित उर्फ कुबेर योगी भी पकड़ में आए। आरोपी राहुल वर्मा की निशानदेही पर दो नाबालिगों को भी पकड़ा। इसके बाद प्रतापगढ़ के ड्रग माफिया से जुड़े वसीम उर्फ इस्माइल खान का नाम आया। उसे गिरफ्तार किया तो प्रतापगढ़ के फिरोज लाला व अमजद लाला के नाम आए। इसके बाद पुलिस भाजपा पार्षद यादव के भतीजे गौरव तक पहुंच पाई। पुलिस कार्रवाई न कर सके इसलिए बच्चों से पुड़िया सप्लाय पूछताछ में पता चला है कि गौरव ड्रग्स का कारोबार फैलाने के लिए गरीब परिवार के नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल कर रहा था। कई बच्चे इसके लिए पुड़िया सप्लाय कर रहे थे। नाबालिग होने से पुलिस इन पर सख्ती नहीं कर पाती थी। गौरव के भाई रौनक पर रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी में एक युवक की हत्या का आरोप है। पुलिसकर्मी बोले, हमें हटाने की धमकियां मिल रही है ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कुछ पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्हें लगातार सस्पेंशन और थाने से हटाने की धमकियां मिल रही है। उधर, संध्या यादव ने बताया कि हमारी छवि खराब करने के लिए ये पुलिस का षड्यंत्र है। भतीजे को झूठा फंसाया है।


