जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विधायक शंकर सिंह रावत भी मौजूद रहे। बैठक में बजट घोषणाओं और विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं के स्वीकृत कार्यों और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा हुई। जिला कलेक्टर ने विभागवार योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और सभी कार्यों को जनहित में समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक शंकर सिंह रावत ने देलवाड़ा रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, यूटिलिटी शिफ्टिंग और देवाता फीडर से संबंधित विषयों पर अधिकारियों और एसई एवीवीएनएल से चर्चा की। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यों के दौरान विद्युत लाइनों को क्षति न पहुंचे, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने नियमित निरीक्षण के लिए एक टीम गठित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसई पीडब्ल्यूडी ने संबंधित कार्यों की जानकारी दी, जबकि एसई पीएचईडी ने विभागीय प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया। जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर गंभीरता दिखाते हुए इनमें शीघ्र गति लाने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी विभाग को मरम्मत एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं और अन्य गतिविधियों की समग्र प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग की प्रगति और आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


