बजट सिर्फ आधा खर्च… रोज 18-इलाकों से पानी की शिकायतें:झीलों की नगरी भोपाल में इंदौर और ग्वालियर के बाद सबसे ज्यादा पानी की शिकायतें

झीलों के शहर भोपाल में पानी को लेकर हर दिन बड़ी संख्या में शिकायतें आने लगी हैं। हैरानी की बात यह है कि भोपाल नगर निगम के पास पानी की व्यवस्था सुधारने के लिए 334 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट है, लेकिन निगम इसका आधा हिस्सा भी खर्च नहीं कर पा रहा है। यही कारण है कि भोपाल में पानी से जुड़ी 18 से ज्यादा इलाकों से शिकायतें हर दिन आती हैं। इनमें से 74% ही हल हो पा रही हैं। शिकायतों के मामले में प्रदेश भर की बात की जाए तो भोपाल का नंबर इंदौर (12868) और ग्वालियर (7174) के बाद तीसरे नंबर पर है। 1- सालों से परेशान
वार्ड-79 के न्यू चौकसे नगर लांबा खेड़ा के 500 घरों में बोरिंग से बदबू एवं गंदा पानी सालों से आ रहा है। रहवासियों का कहना है कि सीवेज का पानी जमीन में जा रहा है। इस कारण पानी खराब हो गया है। कई बार इसकी शिकायत हर स्तर पर कर चुके हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा। 2- गंदा पानी… अंबेडकर कॉलोनी, ओल्ड सुभाष नगर और नेहरू नगर के पास घरों में 3 महीने से गंदा पानी आ रहा है। इसकी लगातार शिकायत भी रहवासी कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। 3- सीवेज निकासी कोलार रोड निवासी डॉ. मोहन तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सीवेज निकासी बाधित हो गया है। निगम के अधिकारियों, वार्ड 80 एवं नगर निगम जोन 18 के अधिकारियों से शिकायतें कीं गईं। इसके साथ ही सीएम हेल्प लाइन में में 17 जुलाई को शिकायत की गई थी। इसके बाद से 29 दिसंबर तक 7 बार रिमांडर दिए जा चुके हैं। बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। कोलार क्षेत्र में भी गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। 50 बस्तियों में पानी के सैंपल लिए गए- नगर निगम ने रविवार को शहर की 50 बस्तियों में पानी के सैंपल लिए। कुल 158 सैंपल जांच के लिए लिए गए। इसके साथ ही शहर के 110 लीकेज को सुधारा गया। अब तक 700 से ज्यादा पानी के सैंपल लिए जा चुके हैं। शिकायतों के साथ लीकेज भी ठीक करेंगे
शहर में स्लम समेत अन्य इलाकों से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही सीएम हेल्प लाइन और अन्य माध्यम से पानी की आने वाली शिकायतों को तत्काल हल कराया जा रहा है। लीकेज को भी जल्द से जल्द ठीक कराया जा रहा है। – संस्कृति जैन, कमिश्नर नगर निगम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *