टीकमगढ़ में शनिवार को ग्राम पंचायत बजरंगखेरा के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने गांव के कुछ व्यक्तियों पर अवैध कब्जा करने और मारपीट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बजरंगखेरा निवासी नेहा यादव ने बताया कि 2 जनवरी को उन्होंने सार्वजनिक सड़क और नाली पर अतिक्रमण के संबंध में एसडीएम और देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद जगदीश यादव, वीरेंद्र यादव, श्रीपाल यादव, नंदराम यादव और निशांत यादव (सभी निवासी बजरंगखेरा) ने ग्रामीणों को धमकी दी। ग्रामीणों को किसी से विवाद नहीं नेहा यादव के अनुसार, इन व्यक्तियों ने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ देहात थाने में मारपीट की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। ग्रामीणों का दावा है कि उनके या गांव के किसी भी व्यक्ति का इन लोगों के साथ न तो कोई मारपीट हुई है और न ही कोई विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि जगदीश यादव और अन्य लोगों के खिलाफ उन्होंने पहले भी आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद इन लोगों ने देहात थाने पहुंचकर पुलिस को मारपीट की भ्रामक जानकारी देकर शिकायत दर्ज करा दी। अब ग्रामीणों ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में दर्ज की गई एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।


