भास्कर संवाददाता | रहली नगर के बजरिया से खाकी बाबा तक करीब तीन माह पहले बनी सीसी सड़क पर दिखने लगी गिट्टियां अब अपनी गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क की सतह पर जगह-जगह गिट्टी दिखाई देने लगी है। खास बात यह है कि यही सड़क नगर पालिका अध्यक्ष के घर के सामने से होकर गुजरती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब अध्यक्ष के घर के सामने बनी नई सड़क की यह हालत है, तो नगर की अन्य सड़कों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लोगों में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे कुछ ही महीनों में सड़क खराब होने लगी।इस संबंध में जब नगर पालिका के इंजीनियर शिवराम साहू से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति तीन दिन पहले ही उनके संज्ञान में आई है। जिससे उन्होंने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। इंजीनियर साहू ने कहा कि ठेकेदार द्वारा सड़क की दोबारा मरम्मत कराई जाएगी, ताकि गुणवत्ता में सुधार हो सके।


