सवाई माधोपुर| शहर के बजरिया क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही पेड़ों की कटाई को लेकर बुधवार को लोगों ने जिला कलेक्टर से मिलकर विरोध दर्ज कराया गया। सामाजिक कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि बजरिया घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां बड़े-बड़े और पूर्ण विकसित पेड़ों को अवैध रूप से काटा जा रहा है। इससे आने वाले समय में क्षेत्र में तापमान बढ़ने, प्राकृतिक छाया व शुद्ध हवा की कमी जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होंगी, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकती हैं। लोगों ने कि जब मौके पर जाकर पेड़ काटे जाने से संबंधित आदेश, स्वीकृति व सड़क की चौड़ाई आदि के बारे में जानकारी मांगी गई, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। सिविल लाइन, मंडी रोड, ट्रक यूनियन सहित अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। लोगों ने बताया कि एक ओर सरकार हर वर्ष वृक्षारोपण पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है और लोगों को पेड़ लगाने का संकल्प दिला रही है, वहीं दूसरी ओर पहले से लगे हुए पूर्ण विकसित पेड़ों को बिना ठोस कारण काटा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में एडवोकेट एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश भूप्रेमी, व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रत्नाकर गोयल, पार्षद राजेश पहाड़िया, सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा, अनवर खान, पंकज शर्मा, राधेश्याम सोनी सहित कई नागरिकों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। मामले पर जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बिना वैधानिक अनुमति किसी भी पेड़ की कटाई नहीं होने दी जाएगी।


