राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लिए भूमि का आवंटन किया गया है। गांव की मुख्य सड़क पर स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास चक 8-9 बीजेएम के मुरब्बा नंबर 24/23 में पांच बीघा भूमि प्राविधिक शिक्षा निदेशालय (प्रशिक्षण) के नाम से आवंटित की गई है। गुरुवार को बज्जू तहसीलदार मदनसिंह यादव की उपस्थिति में पटवारी द्वारा मौके का भौतिक कब्जा विभाग के उपनिदेशक कैलाश शर्मा को सौंप दिया गया। तहसीलदार मदनसिंह यादव ने बताया कि बीकानेर रोड पर वर्तमान में दो राजकीय महाविद्यालयों के बीच में स्थित आरक्षित भूमि में पांच बीघा भूमि का आवंटन किया गया है। उसका भौतिक कब्जा भी विभागीय अधिकारियों को दे दिया है। वहीं उपनिदेशक कैलाश शर्मा ने बताया कि आने वाले सत्र से ही हम बज्जू में आईटीआई कॉलेज शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं। कॉलेज के भवन हेतु वित्तीय स्वीकृति और निर्माण जल्द शुरू होगा, तब तक हम बज्जू में अस्थाई रूप से किसी अन्य बिल्डिंग में इसे संचालित करने की अनुमति प्राप्त करेंगे। प्राविधिक शिक्षा निदेशालय (प्रशिक्षण) द्वारा बज्जू कॉलेज में हमें इलेक्ट्रिशियन ट्रेड, सोलर टेक्नीशियन ट्रेड, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड तथा मैकेनिकल डीजल ट्रेड के विषय शुरू करने की अनुमति प्रदान की हैं। बज्जू भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष ज्याणी ने बताया कि कोलायत विधायक अंशुमानसिंह भाटी इसको लेकर पिछले काफी समय से प्रयासरत थे। अब बज्जू में आईटीआई कॉलेज खुलने से यहां के छात्र भी औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान व्यापार मंडल सचिव राधेश्याम, आईटीआई कॉलेज बीकानेर के मनोज कुमार, सवाईसिंह राठौड़ आदि उपस्थित थे।


