बठिंडा पुलिस को वॉर गैंगस्टर प्रहार अभियान के तहत सफलता मिली है। सीआईए स्टाफ वन की टीम ने थाना संगत इलाके से एक व्यक्ति को दो अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी संदीप सिंह भाटी ने बताया कि पंजाब सरकार के ‘वॉर गैंगस्टर प्रहार’ अभियान के तहत बदमाशों और गैंगस्टरों के खिलाफ हर दिन कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत सीआईए स्टाफ वन की टीम ने थाना संगत इलाके में एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की दो अवैध देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद की गईं। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बठिंडा के संगत कलां निवासी आकाश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि आकाश ने ये पिस्तौल कहां से प्राप्त की थीं और उनका उपयोग कहां किया जाना था। डीएसपी संदीप सिंह भाटी ने बताया कि बठिंडा की एसएसपी ज्योति यादव बैंस की तरफ से सख्त दिशा-निर्देश हैं कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इन दिशा-निर्देशों के तहत, पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें रात में तैनात रहती हैं और दिन में भी नाकाबंदी की जाती है, ताकि गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार ऐसी कार्रवाई की जा सके।


