बैतूल जिले के ग्राम रातामाटी में एक किसान के खेत के पास मचाना नदी किनारे मछली पकड़ने के जाल में एक अजगर फंसा हुआ मिला। किसान मदन यादव ने खेत के पास जाल में फंसे अजगर को देखा और इसकी सूचना दी। यह खेत नदी के किनारे है, जहां अक्सर मछुआरे जाल लगाते हैं। जानकारी मिलते ही सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजगर करीब दो से तीन दिन से जाल में फंसा हुआ था और लगातार बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। अजगर की लंबाई लगभग सात फीट थी।
जाल काटकर सुरक्षित रेस्क्यू किया
सर्पमित्र ने सावधानी से लकड़ी की मदद से अजगर के मुंह को काबू में किया और धीरे-धीरे जाल काटा। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अच्छी बात यह रही कि जाल में फंसने के बावजूद अजगर को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। विशाल विश्वकर्मा ने बताया कि यह भारतीय अजगर प्रजाति का है, जो आमतौर पर जंगल, खेत और नदी किनारे पाए जाते हैं। ये सामान्य तौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते, लेकिन परेशान होने पर खतरनाक हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि अजगर की उम्र करीब 15 साल हो सकती है।


