बठिंडा में मानसा रोड पर सोमवार की रात एक दुकान में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना महिंद्रा एजेंसी के पास स्थित एक दुकान में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सहारा जन सेवा संस्था की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने के बाद दुकान के अंदर एक व्यक्ति बुरी तरह झुलसा हुआ मिला। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वर्धमान चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दुकान में ही सोता था व्यक्ति वर्धमान चौकी के इंचार्ज जगसीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पुरुषोत्तम के रूप में हुई है, जो साइकिल पंक्चर ठीक करने का काम करता था और रात में उसी दुकान में सोता था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने अभी तक उसकी पहचान नहीं की है। सहारा जन सेवा संस्था के वर्कर संदीप गोयल ने जानकारी दी कि उन्हें रात 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे थे। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।


