बठिंडा जिले में बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर कैंट पुलिस स्टेशन के पास दो कारों की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो महिला शिक्षिकाएं और एक स्कूली छात्रा घायल हो गईं। सहारा जन सेवा संस्था की टीम ने घायलों को इलाज के लिए बठिंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। यह हादसा उस समय हुआ जब वे बठिंडा के भुच्चो रोड स्थित ए-वन स्कूल जा रही थीं। जानकारी के अनुसार, एक क्रेटा कार चंडीगढ़ से बठिंडा की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी ऑल्टो कार बठिंडा से भुच्चो की तरफ जा रही थी। दोनों कारों की आमने-सामने की टक्कर में गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ऑल्टो कार में ही दोनों शिक्षिकाएं और स्कूली छात्रा सवार थीं। स्कूल जाते समय हुआ हादसा घायलों की पहचान सुनीता देवी (उम्र 45), मनोज ( उम्र 38) और फिजा ( उम्र 9) के रूप में हुई है।वहीं सहारा जन सेवा संस्था के कार्यकर्ता संदीप सिंह ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली थी। थाना कैंट पुलिस स्टेशन के अधिकारी जगसीर सिंह ने बताया कि अभी तक किसी ने इस संबंध में बयान दर्ज नहीं कराया है। बयान दर्ज होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


