भास्कर न्यूज | बरही बरही थाना क्षेत्र के बरसोत पंचायत अंतर्गत बरियठ्ठा मोड़ से मोगडहा मोड़ के बीच रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे सुनसान जगह पर एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला का शव देखा गया। शव की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने बरही पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बरही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही पोस्टमार्टम हाउस भेजा। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी जा रही है। शव की हालत संदेहास्पद बताई जा रही है। मृतका के दाहिने पैर की उंगलियां कटी हुई पाई गई हैं, जबकि चेहरा काला पड़ा हुआ है, जिससे चेहरे को जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। महिला ने टी-शर्ट और ट्राउजर पहन रखे थे तथा शव के पास से एक गमछा भी बरामद हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद बरही थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला किसी विक्षिप्त महिला से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक हजारीबाग सदर मुर्दाघर में सुरक्षित रखा जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। हजारीबाग | हजारीबाग नीलांबर पीतांबर चौक स्थित एक घर में घुसकर चोरी का प्रयास करते दो आरोपियों को लोगों ने पकड़कर कोर्रा थाना को सौंप दिया। रविवार की शाम करीब 3.30 बजे दो आरोपी घर में घुस गए। घर में घुसते ही घरवालों की जानकारी हुई। सभी सदस्य घर के अंदर थे। इसी बीच घरवालों ने शोर मचाया। इसी क्रम में दोनों आरोपी पकड़े गए। कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि दो लोगों को पकड़कर लोगों ने थाना को सौंपा है।


