बठिंडा के तलवंडी साबो उपमंडल स्थित भगवानपुरा गांव में पिछले दो दिनों में दूसरी बार रजबहा में दरार आ गई है। इस दरार से करीब 150 एकड़ क्षेत्र में लगी फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों की धान, मक्का, मूंगी और हरा चारा पूरी तरह नष्ट हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दरार वहीं आई है, जहां कुछ दिन पहले भी रजबहा टूटा था। नहर विभाग ने पिछली दरार की ठीक से मरम्मत नहीं की और जल्दबाजी में पानी छोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर विभाग की लापरवाही से यह स्थिति बनी है। अधिकारी नहीं उठा रहे फोन वे सुबह से अधिकारियों को फोन कर रहे हैं। लेकिन कोई भी अधिकारी फोन नहीं उठा रहा है। फसलों के अलावा किसानों की कारें भी पानी में डूब गई हैं। खेतों में गाद जमा होने से भूमि को भी नुकसान पहुंचा है। मौके पर पहुंचे नहर विभाग के जूनियर इंजीनियर ने कहा कि उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। उनके आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


