बठिंडा में पुलिस ने आज यानी बुधवार को पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पक्का कला गांव के रहने वाले 40 वर्षीय जगसीर सिंह उर्फ सीरा के रूप में हुई है। एसपीडी जसमीत सिंह ने बताया कि थाना संगत क्षेत्र के पक्का कला गांव में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। घायल महिला को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 32 बोर की पिस्तौल, 5 खाली कारतूस और एक बाइक बरामद की है। खेती करने वाले आरोपी के खिलाफ पहले से ही विभिन्न धाराओं में दो मामले थे, जिनमें वह बरी हो गया था। बहस के बाद मारी गोली
जगसीर सिंह (40) ने अपनी पत्नी जसप्रीत कौर (47) की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह की है, जब दोनों के बीच किसी मामूली बात पर बहस शुरू हुई। बहस विवाद में बदल गई और जगसीर सिंह ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर तीन गोलियां चला दीं। परिजन और बेटे ने घायल जसप्रीत को तुरंत एम्स बठिंडा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।


