बठिंडा में पेट्रोल बम फेंकने वाले 3 गिरफ्तार:आधा दर्जन घरों को लगाई थी आग, हेरोइन बेचने से मना करने पर बोला हमला

बठिंडा के गांव दान सिंह वाला में गुरुवार रात पेट्रोल बम से हमला कर आधा दर्जन से अधिक घरों को आग लगाए जाने के मामले में बठिंडा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दान सिंह वाला के रेशम सिंह और रणजीत सिंह, तथा महिमा सरजा के खुशप्रीत सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना नेहियांवाला पुलिस ने कोठे जीवन सिंह वाला निवासी जसप्रीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शिकायत में रमिंदर सिंह, धर्मप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह, सतपाल सिंह, जीवन सिंह, हैप्पी सिंह और रेशम सिंह सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस हमले में कई परिवारों को नुकसान हुआ। उनका घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। थाना नेहियांवाला पुलिस की इंचार्ज इंस्पेक्टर जसविंदर कौर की अगुवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। ड्रग्स बेचने से रोकने पर किया था हमला गांववासियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के कुछ लोगों ने एक युवक को ड्रग्स बेचने से रोका था। इस पर नाराज होकर गुरुवार की रात करीब 12 बजे नशा तस्कर 50-60 गुंडों के साथ आए और बस्ती के आठ घरों पर हमला कर दिया था। इस हमले में जसप्रीत सिंह, रूप सिंह, केवल सिंह, दलजीत सिंह, और प्रगट सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से इन पर हमला किया। पीड़ितों ने अपनी जान बड़ी मुश्किल से बचाई, लेकिन घर का सामान और अन्य संपत्ति जलकर खाक हो गई। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *