लुधियाना में पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से गांजा बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान गांधी नगर जगराओं के रहने वाले साखा के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी शराब तस्करी का मामला दर्ज है। थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह के अनुसार, वे पुलिस पार्टी के साथ जगराओं-रायकोट रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूए से नहर की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक युवक हाथ में लिफाफा लिए आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखते ही वह खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। जब उसके कब्जे से मिले लिफाफे की जांच की गई तो उसमें 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही थाना सिटी में मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले भी शराब तस्करी का मामला दर्ज है।


