बठिंडा के रामपुरा फूल में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक प्रोफेसर का अपहरण कर लिया गया। अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया और फिर उन्हें गुनियाना के ख्याली गांव के पास बेहोशी की हालत में फेंक कर फरार हो गए। यह घटना बीते कल सुबह रामपुरा फूल शहर में हुई। प्रोफेसर जब मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी एक कार में सवार तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनसे लूटपाट करने की कोशिश की। उन्होंने प्रोफेसर के मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने का भी प्रयास किया। वापस ना लौटने पर बढ़ी परिजनों की चिंता जानकारी के अनुसार, बठिंडा के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन प्रोफेसर कृष्ण कुमार की पत्नी सुरेश कुमारी ने बताया कि उनके पति मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपनी स्कूटी पर घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। उन्होंने स्कूटी को टी-पॉइंट पर खड़ा किया और पैदल वॉक शुरू की थी, लेकिन सुबह 9 बजे तक घर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने बताया कि करीब 9.30 बजे ख्याली गांव के सरपंच का फोन आया, जिन्होंने सूचना दी कि प्रोफेसर कृष्ण कुमार गुनियाना के ख्याली गांव के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले हैं। उनके कान से खून बह रहा था और कपड़े फटे हुए थे। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उनसे घर का नंबर लेकर परिजनों को सूचना दी और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बैंक खातों को कराया होल्ड सुरेश कुमारी ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने मोबाइल फोन के जरिए पैसे ट्रांसफर करने की बात भी की थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर ओटीपी आया, लेकिन घबराहट के कारण उन्हें कुछ समझ नहीं आया। उन्होंने बार-बार अपने पति को फोन किया, लेकिन दूसरी ओर से फोन नहीं उठाया गया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत अपने सभी बैंक खातों को होल्ड करवा दिया। सुरेश कुमारी के अनुसार आरोपियों ने प्रोफेसर से एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और जेब में रखे दो-चार सौ रुपए भी लूट लिए। वारदात के बाद फरार हो गए है एसपीडी जसमीत सिंह निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां उन्हों ने बताया हमारी तरफ से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा पूरा मामला सामने लाया जाएगा।


