जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मुकाबले के साथ घरेलू क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल रहा है। इस मुकाबले में सिक्किम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में मुंबई के सामने 237 रनों का लक्ष्य रखा है। जिसका पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने 22 ओवर में 152 रन बना लिए है। जिसमें रोहित शर्मा के 65 बॉल में ताबड़तोड़ 105 रन बनाए है। सिक्किम की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और संयमित शुरुआत के बाद मध्यक्रम के योगदान से सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। मुंबई के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाया, लेकिन सिक्किम के बल्लेबाजों ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम के साथ ही स्टेडियम का माहौल पूरी तरह बदल गया। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और मुंबई के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचे। जैसे ही रोहित शर्मा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, दर्शकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। मैच को लेकर जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। घरेलू क्रिकेट का यह मुकाबला होने के बावजूद रोहित शर्मा की मौजूदगी ने मैच को हाई-वोल्टेज बना दिया है। स्टेडियम के बाहर से लेकर अंदर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को घरेलू टूर्नामेंट में खेलते देखना उनके लिए खास अनुभव है। विजय हजारे ट्रॉफी के इस पहले मैच ने ही जयपुर में क्रिकेट का माहौल गर्मा दिया है।


