बठिंडा में पति के साथ सुबह की सैर के दौरान दो बाइक सवार हमलावरों ने 20 वर्षीय हरप्रीत कौर पर गोलियां चलाईं। घटना भगता भाईका के अनाज मंडी की है। गंभीर रूप से घायल हरप्रीत को पहले स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बठिंडा रेफर कर दिया गया। एसपी सीटी नरिंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 9 बजे दयालपुरा थाना क्षेत्र में हुई। हरप्रीत अपने पति अर्शप्रीत सिंह के साथ अनाज मंडी की तरफ जा रही थी, तभी दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन्हें रोका और गोलियां चला दीं। पुलिस ने मौके पर एसएचओ और डीएसपी को भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आया है कि हरप्रीत और अर्शप्रीत ने करीब डेढ़ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने कई टीमें गठित कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पीड़िता के परिवार ने अभी तक किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।


