बड़वानी के वार्ड 11-12 में नलों से आया मटमैला पानी:दूषित जलप्रदाय से लोग आक्रोशित; पहले भी की थी शिकायत

बड़वानी शहर के वार्ड नंबर 11 और 12 में नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आने से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को दूषित जलप्रदाय की शिकायत नगर पालिका को भी की गई। यह समस्या एक दिन छोड़कर की जा रही जल आपूर्ति के दौरान सामने आई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नलों से लगातार मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसका उपयोग करना असंभव है। पानी इतना खराब है कि उसे हाथ में लेने पर भी तेज दुर्गंध आती है। लोगों का कहना है कि इस पानी का उपयोग पीने या घरेलू कार्यों के लिए नहीं किया जा सकता, जिससे उनकी जलापूर्ति बाधित हो रही है। पहले भी की थी शिकायत वार्डवासी हरि गोले ने बताया कि पहले भी गंदे पानी को लेकर शिकायत की गई थी, जिसके बाद व्यवस्था में कुछ सुधार हुआ था। हालांकि, अब यह समस्या दोबारा शुरू हो गई है। एक अन्य वार्डवासी निखत ने भी पुष्टि की कि पूर्व में शिकायत के बाद समाधान में कई दिन लगे थे, लेकिन अब फिर से वही स्थिति है और नगर पालिका इस पर ध्यान नहीं दे रही है। लोगों ने बताया कि जब उन्होंने पानी भरने के लिए नल चालू किए तो गंदा और बदबूदार पानी आने लगा, जिससे उनकी टंकियां भी खराब हो गईं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि गलती से यह दूषित पानी पी लिया जाता तो पूरा परिवार बीमार पड़ सकता था। 15 मिनट तक आया गंदा पानी वार्डवासी गंभीरा ने पनवाड़ी क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि सीवरेज और पाइपलाइन सुधार कार्य के दौरान कई घरों में गंदा पानी आया है। लगभग 10 से 15 मिनट तक दूषित पानी आने के बाद लोगों ने तुरंत नल बंद कर दिए। इस घटना से भी क्षेत्र के रहवासियों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि नल से गंदा पानी आया, जिसे किसी ने पिया नहीं, लेकिन घरों में पानी पूरी तरह खराब हो गया। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि बड़वानी को इंदौर के भागीरथपुरा जैसी स्थिति न बनने दी जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *