बड़वानी मंडी में सौंफ की बंपर आवक:बेमौसम बारिश से फसल प्रभावित; भाव 65 सौ से 21 हजार रुपए क्विंटल तक पहुंचे

बड़वानी की कृषि उपज मंडी में रविवार को सौंफ की बंपर आवक देखी गई। मंडी में करीब 58 क्विंटल सौंफ की आवक हुई, जो 100 से अधिक बोरियों में पहुंची। हालांकि, बेमौसम बारिश और लगातार बादल छाए रहने के कारण फसल की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। मंडी सचिव सुमन बड़ोले ने बताया है कि सौंफ के भाव गुणवत्ता के आधार पर 65 सौ रुपए से 21 हजार रुपए प्रति क्विंटल के बीच रहे। व्यापारी मुकेश वाणी ने बताया कि धार, खरगोन, खंडवा, झाबुआ और आलीराजपुर के किसान यहां सौंफ बेचने आते हैं, जबकि इंदौर-उज्जैन से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। मौसम की मार से फसल में काला और भूरा रंग दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों को पिछले साल की तुलना में कम दाम मिल रहे हैं। कुक्षी के किसान विकास यादव ने बताया कि बेमौसम बारिश से खेतों में लहलहाती सौंफ की फसल को नुकसान हुआ है और फूल भी झड़ गए हैं। किसानों को उम्मीद है कि यदि अगले सप्ताह मौसम साफ रहता है, तो फसल की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में फसल की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण भाव कम हैं। विशेष रूप से दूसरे जिलों से आए किसान इस स्थिति से निराश नजर आए। मंडी में दोपहर तक सौंफ की तुलाई और उठाव का काम चलता रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *