बड़वानी कृषि उपज मंडी में इन दिनों सौंफ की आवक होने लगी है। रविवार को मंडी में पिछले हफ्ते के मुकाबले 222 बोरी से ज्यादा सौंफ पहुंची। इसके बाद बड़वानी समेत पड़ोसी जिलों धार, झाबुआ और आलीराजपुर से भी बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर यहां पहुंच रहे हैं। आवक बढ़ी पर मौसम ने बिगाड़ी रंगत मंडी प्रशासन के मुताबिक, रविवार को करीब 80 किसान अपनी फसल लेकर आए थे, जिससे मंडी में लगभग 144 क्विंटल सौंफ की आवक दर्ज की गई। किसानों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने और इस बार कड़ाके की ठंड न पड़ने की वजह से सौंफ के दानों में कालापन आ रहा है। इस प्राकृतिक बदलाव के कारण फसल की चमक और क्वालिटी पर असर पड़ रहा है। हालांकि जानकारों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ती है, तो नई फसल की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। बारीक और मोटी सौंफ के अलग-अलग दाम मंडी में सौंफ की अलग-अलग वैरायटी के हिसाब से दाम तय किए गए। गुणवत्ता के आधार पर मोटी सौंफ 62 रुपए से लेकर 75 रुपए प्रति किलो तक बिकी। वहीं, अच्छी क्वालिटी की बारीक सौंफ की मांग ज्यादा रही, जिसके दाम 110 रुपये से शुरू होकर 138 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए। मंडी में व्यापार की स्थिति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे फसल की आवक बढ़ेगी, बाजार में और भी हलचल देखने को मिलेगी।


