बैतूल में रविवार को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। कर्मचारी भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं, तो अप्रैल माह में एक व्यापक आंदोलन किया जाएगा। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठौर ने किया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और नवशिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने एसआईआर (स्कूल इंफॉर्मेशन रिपोर्ट) में ड्यूटी लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। उनका कहना है कि इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की है कि चुनावी कार्यों के लिए सरकार को अलग से अमला तैनात करना चाहिए। ई-अटेंडेंस से शिक्षण कार्य बाधित संघ ने ई-अटेंडेंस प्रणाली का भी विरोध किया। शिक्षकों का तर्क है कि वे अटेंडेंस लगाने में ही व्यस्त रहते हैं, जिससे शिक्षण कार्य बाधित होता है। इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाल करने, सेवाकाल की गणना कर पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ देने, स्कूल शिक्षा विभाग में मर्ज किए गए शिक्षकों को समान वेतनमान देने और सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं। शनिवार-रविवार अवकाश और स्वास्थ्य बीमा की मांग ज्ञापन में शिक्षकों को कार्य दिवसों के अलावा शनिवार-रविवार का अवकाश देने, अध्यापक संवर्ग को पदोन्नति और समयमान वेतन का लाभ देने की बात कही गई। साथ ही दीर्घकालीन सेवाओं को गिनकर वरिष्ठता देने, स्वास्थ्य बीमा और चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने की मांग भी शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि अटेंडेंस स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन ही रहे, जनजातीय विभाग का नहीं। मुख्यालय के शिक्षकों के न आने पर जताई नाराजगी जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठौर ने जिला मुख्यालय के सदस्य शिक्षकों के रैली में शामिल न होने पर नाराजगी और चिंता व्यक्त की। देखिए तस्वीरें…


