बड़वानी जिले के बरुफाटक नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्राले और बाइक की भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही दुर्घटना की खबर फैली, मृतका के परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। गुस्से में आए लोगों ने नेशनल हाईवे को दोनों ओर से पूरी तरह जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में आग लगा दी। धूं-धूं कर जलते वाहन और हंगामे के कारण हाईवे पर करीब 30 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की समझाइश पर माने लोग मामले की जानकारी मिलते ही ठीकरी और राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। समझाइश और पंचनामा बनने के बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए। इसी बीच ठीकरी से आई फायर फाइटर की टीम ने जलते हुए वाहन की आग पर काबू पाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को फिर से बहाल किया जा सका। निजी कार्यक्रम से लौट रही थी मृतका हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान ठीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडिया निवासी काली पति ओमकार सस्ते के रूप में हुई है। बाइक पर सवार कालीबाई (50) पति ओंकार सस्ते निवासी कुंडिया बरूफाटक में खरीदीकर रिश्तेदार के साथ गांव जा रही थी। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ठीकरी भेजा। ठीकरी टीआई नाथूसिंह रंधा और राजपुर टीआई विक्रम सिंह बामनिया ने वाहनों को निकलवाया। करीब 30 मिनट तक लोग जाम में फंसे रहे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर (एमपी 04 जीबी 8027) के चालक ने बाइक को टक्कर मारी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।


