बड़वानी में मां नर्मदा आदिवासी समाज सेवा संगठन ने सनराइज स्कूल पलसूद के डायरेक्टर सुनील प्रजापत पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। संगठन के प्रतिनिधियों ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी जगदीश डावर को ज्ञापन दिया और आरोपी पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। मारपीट और धमकी देने का आरोप संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि 28 नवंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे सुनील प्रजापत ने उन्हें खुलेआम गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उन्होंने उसी दिन दोपहर 12:24 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी को शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद भी जारी रहीं धमकियां संजय गुप्ता के अनुसार, शिकायत दर्ज कराने के बाद भी सुनील प्रजापत ने उन्हें तीन बार फोन कर धमकियां दीं, जिससे उनका परिवार दहशत में है। 29 नवंबर को भी धमकी भरे फोन आए, जिनमें उन्हें सिलावद स्कूल बुलाकर स्कूल के सामने हमला करने की चेतावनी दी गई। गुप्ता सिलावद में एक स्कूल संचालित करते हैं और रोज सिलावद से बड़वानी आते-जाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी या दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सुनील प्रजापत की होगी, क्योंकि वह दूसरों से भी हमला करवा सकते हैं। तत्काल एफआईआर की मांग संगठन ने एसपी से आरोपी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसपी जगदीश डावर ने ज्ञापन लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह रहे उपस्थित इस दौरान संगठन के सचिव राजपाल भार्गव, शिवराम, राजाराम आलायें, धावरिया चौहान, शिवराम अवास्या, मैदाबाई अवास्या, मनोहर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जाएगी।


