शिवपुरी मानस भवन में गीता ज्ञान महोत्सव 1 दिसंबर को:1100 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ करेंगे

शिवपुरी में 1 दिसंबर को गीता ज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मध्य प्रदेश के अन्य जिलों की तरह शिवपुरी में भी यह महोत्सव मनाया जा रहा है। शहर के मानस भवन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 1100 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव और जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 व 2 का दौरा किया। अधिकारियों ने स्कूली छात्रों को गीता ज्ञान महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके साथ गीता का पाठ भी किया। इस अवसर पर उमावि क्रमांक-2 के शिक्षक विपिन पचौरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि गीता केवल धर्म का ही नहीं, बल्कि कर्म का भी ग्रंथ है, जो हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। गीता महोत्सव के मुख्य आयोजन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी ने एक आयोजन समिति का गठन किया है। इस समिति में योजना अधिकारी रोहिणी अवस्थी सहित जिले के 54 शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्राचार्यों को शामिल किया गया है। समिति की बैठक रविवार दोपहर 12 बजे उत्कृष्ट विद्यालय में होगी। कार्यक्रम में प्राचार्य अर्चना शर्मा के साथ शिक्षक अरुण तिवारी, राजीव श्रीवास्तव, इंदु पाराशर, जगदीश धाकड़, विजय गुप्ता, अनिल रावत, शिवकुमार शर्मा, सुनीता तिवारी, चित्रा भार्गव और अवधेश श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *