बड़वानी शहर के पानवाड़ी क्षेत्र में बिजली के वोल्टेज में बदलाव के कारण 60 से अधिक घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इस घटना से उपभोक्ताओं को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। मंगलवार और बुधवार को हुई इस घटना के बाद, प्रभावित परिवारों ने गुरुवार को बिजली कंपनी को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग की। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 4 से 5 बजे और बुधवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच मेन लाइन में अचानक तेज वोल्टेज फ्लक्चुएशन हुआ। इससे कुछ ही पलों में घरों के उपकरण जलने लगे। घटना के विरोध में गुरुवार को वार्ड के महिला-पुरुष बिजली विभाग पहुंचे। उन्होंने अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जले हुए उपकरणों का सर्वे कराकर सभी उपभोक्ताओं को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। क्षेत्र में रहते हैं 80% बीपीएल परिवार पूर्व पार्षद संजय गुप्ता ने बताया कि वार्ड क्र. 13 में 80 प्रतिशत बीपीएल परिवार रहते हैं। कई परिवारों ने फाइनेंस पर टीवी, फ्रिज, मोबाइल और अन्य उपकरण खरीदे थे, जिनके जलने से उन्हें किश्त भरने की चिंता सता रही है। रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में मुआवजा नहीं मिला तो वे जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आंदोलन करने को विवश होंगे। प्रभावित परिवारों ने बताया कि लगभग 60 से 70 घरों के कीमती बिजली उपकरण खराब हुए हैं। इनमें एलईडी टीवी, फ्रिज, मोबाइल चार्जर, सेटअप बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। अनुमान है कि कुल नुकसान लाखों रुपए में हुआ है। क्षेत्रवासियों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। करीब चार साल पहले भी इसी तरह की वोल्टेज समस्या से भारी नुकसान हुआ था, लेकिन विभाग ने तब कोई ठोस कदम नहीं उठाया था। परेशान हुए रहवासी तकनीकी कारणों का पता लगा रहे हैं इस मामले में एमपीईबी के अधिकारी जनक गंगराड़े ने बताया कि वोल्टेज की समस्या में बिजली कंपनी की कोई गलती नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है।


