महेश्वर-धामनोद मार्ग पर बनने वाले नए फोरलेन को लेकर सड़क कितनी चौड़ी होगी और किसका घर-दुकान टूटेगा, इसे लेकर फैली बेचैनी के बीच शनिवार रात करीब 8 बजे रेवा गुर्जर सामुदायिक भवन में बैठक हुई। इसमें विधायक सचिन बिरला ने लोगों का पक्ष सुना। पिछले कई दिनों से रहवासी और दुकानदार प्रशासन को ज्ञापन दे रहे थे। बैठक में साफ तौर पर यह बात सामने आई कि लोग विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उन्हें डर है कि सड़क के नाम पर उनका रोजगार और छत न छिन जाए। लोगों ने मांग रखी कि सड़क को उसके सेंटर पॉइंट से दोनों तरफ 30-30 फीट (कुल 60 फीट) ही चौड़ा किया जाए। क्यों डरे हुए हैं लोग? दरअसल, अभी तक फोरलेन की चौड़ाई को लेकर कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है। बाजार में चर्चा है कि सड़क 80 से 100 फीट तक चौड़ी हो सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो सड़क किनारे की कई दुकानें और घर पूरी तरह जमींदोज हो जाएंगे। विधायक ने दिया भरोसा विधायक सचिन बिरला ने लोगों की बात सुनने के बाद उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, “मैं विकास के साथ-साथ आपकी रोजी-रोटी की सुरक्षा के लिए भी खड़ा हूं। किसी का भी फालतू नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। मैं इस बारे में अधिकारियों से बात करूंगा और ऐसा रास्ता निकाला जाएगा जिससे जनता का हित हो।” विधायक के आश्वासन के बाद इलाके के लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है, हालांकि वे अब भी प्रशासन की आधिकारिक गाइडलाइन का इंतजार कर रहे हैं।


