रायसेन के सांची रोड पर शुक्रवार शाम यातायात पुलिस की चेकिंग से बचने की कोशिश में एक मारुति वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य को हल्की चोटें आईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना ग्राम कोड़ी के पास हुई, जहां पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। सांची की ओर से आ रही एक मारुति वैन को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। वैन चालक घबरा गया और चेकिंग से बचने के लिए उसने अचानक एक्सीलेटर दबा दिया। तेज रफ्तार में वैन अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने जब ब्रेक लगाए, तो गाड़ी सड़क पर घूमते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पलटी हुई वैन को सीधा भी किया।


