बडियाल कलां क्षेत्र में शनिवार को कई दिनों बाद धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि ठंडी हवाओं का दौर जारी रहा, जिससे पूरी तरह गर्माहट महसूस नहीं हुई। सुबह हल्की धुंध और सर्द हवाओं के बीच सूर्यदेव के दर्शन हुए। दिन भर ठंडी हवाएं चलने के कारण लोग ऊनी कपड़ों में ही नजर आए। ग्रामीण इलाकों में किसानों ने धूप का फायदा उठाया, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं घरों के बाहर धूप सेंकते दिखे। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए बडियाल कलां के स्कूलों में छोटे बच्चों के लिए एक दिन की छुट्टी घोषित की गई। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया, जिसका अभिभावकों ने स्वागत किया। धूप निकलने से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल बढ़ी। लोग आवश्यक कार्य निपटाने के लिए घरों से बाहर निकले, जिससे दुकानों पर रौनक लौटती दिखी। चाय की दुकानों और अलाव के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलने से ठंड का असर जारी रहेगा। लोगों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।


