इस तरह झुका लोहे का एंगल। जांजगीर| शहर में बड़ी नहर की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी वाहनों के प्रवेश रोकने के लिए लगाया गया लोहे का एंगल क्षतिग्रस्त होकर एक ओर झुक गया है। एंगल को मिट्टी से जाम किया गया था, लेकिन मंगलवार को मिट्टी धंसने से यह अचानक झुक गया। इससे मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर वहां से गुजरते रहे। लोगों ने कहा कि यदि एंगल अचानक गिर जाता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। भारी वाहनों के लगातार गुजरने से एंगल पहले ही कमजोर हो गया था, लेकिन समय पर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। देर रात तक एंगल इसी तरह झुका रहा। अंधेरे में दिखाई न देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।


