गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पानी की जरूरत महसूस हो रही है। लेकिन भिखीविंड शहर में लोगों को ढूंढने से भी सार्वजनिक क्षेत्र का प्याऊ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोगों को न चाहते हुए भी पानी की बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों (मेन चौराहा, बस स्टैंड, सिविल अस्पताल और शहर की चारों सड़कों) में लोगों को प्याऊ की ज्यादा जरूरत महसूस होती है, मगर इन हिस्सों में नगर पंचायत द्वारा प्याऊ का कोई खास प्रबंध नहीं किया गया है। सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि यूथ फ्रैंड्स क्लब भिखीविंड के अध्यक्ष सुखदेव सिंह सोखी अरोड़ा, शांति प्रसाद का कहना है कि नगर पंचायत अपने स्तर पर शहर की सार्वजनिक जगहों पर वाटरकूलर लगवाए, ताकि लोगों को पानी खरीद कर न पीना पड़े। सरकारी अस्पताल में लेबोरेट्री के साथ लगा वाटरकूलर भी बंद पड़ा है। ऐसे में भीषण गर्मी में मरीजों की सुविधा को देखते हुए सेहत विभाग को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष सकत्तर सिंह डलीरी ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा आने वाले दिनों में पानी का प्रबंध किया जाएगा। शहर के चौराहे के पास बाबा नागा के निकट लगी पानी की टोटियां, जहां कूलर न होने के कारण धूप से पानी गर्म हो जाता है।


