खुड़ैल और गोगाखेड़ी गांव में इंदौर हरदा सड़क एक साथ दो खुशियां लाई। एनएचएआई ने प्रोजेक्ट के लिए तालाबों को गहरा कर वहां से मिट्टी ली। निर्माण एजेंसी पीडी अग्रवाल के पवन अग्रवाल ने बताया कि अनुमतियां मिलने के बाद हमने अतिक्रमण हटाया। फिर खुड़ैल और गोगाखेड़ी तालाब से मुरम निकाली। अब यहां अधिक मात्रा में पानी स्टोर हो रहा है। पाल बनने के बाद सुंदरता भी बढ़ गई है। किसानों को फायदा, भूजल भी बढ़ा… दोनों तालाबों का साफ पानी लोगों को आकर्षित कर रहा है। किसान मोहन सिंह गोयल का कहना है कि 2022 तक उनके बोरवेल में दिसंबर-जनवरी तक पानी खत्म हो जाता था। लेकिन तालाब बनने के बाद पिछले साल गर्मी में भी बोरवेल से सिंचाई आसानी से होती रही।


