बदरवास में एबीवीपी ने निकाली विवेकानंद संदेश यात्रा:बड़ी संख्या में छात्र हुए शामिल, थाना प्रभारी ने किया संबोधित

शिवपुरी जिले के बदरवास नगर में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बदरवास नगर इकाई ने स्वामी विवेकानंद संदेश यात्रा निकाली। यह यात्रा नगर परिषद प्रांगण से शुरू होकर थाना परिसर तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। यात्रा के मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। यात्रा के समापन पर थाना परिसर में एक मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बदरवास थाना प्रभारी रोहित दुबे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। दुबे ने जोर दिया कि इन विचारों का अनुसरण कर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिल परिहार ने की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कम उम्र में ही भारतीय दर्शन को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। प्रत्येक युवा को उनके विचारों को अपनाकर भारत के पुनर्निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष ईशु अग्रवाल ने किया, जबकि नगर मंत्री चिराग भार्गव ने आभार व्यक्त किया। एबीवीपी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह के अवसर पर जिले के विभिन्न नगरों में इसी तरह की संदेश यात्राएं और मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *