शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना रविवार दोपहर करीब 4 बजे हुई। मृतक की पहचान रेन्झा घाट निवासी 23 वर्षीय जितेंद्र यादव पुत्र जगराम सिंह यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र यादव अज्ञात कारणों से रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा था। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य संभावित कारण सहित सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।


