बदहाली का शिकार हो रहा बड़वानी बस स्टैंड:गंदगी, अंधेरा, पेयजल कमी और अव्यवस्थित पार्किंग से यात्री परेशान; व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

बड़वानी जिला मुख्यालय का बस स्टैंड इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। कभी शहर का मुख्य यातायात केंद्र रहा यह परिसर अब बदहाल हालत में पहुंच चुका है। गंदगी, खराब सुविधाएं और व्यवस्थाओं की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से कोई सुधार नजर नहीं आ रहा। सफाई व्यवस्था ठप, नालियां चोक, गर्मी में पंखे बंद बस स्टैंड परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। नालियां लंबे समय से चोक पड़ी हैं, जिससे बदबू फैल रही है। प्रतीक्षालय में लगे पंखे बंद पड़े हैं, जिसके कारण यात्रियों को गर्मी में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। रात में परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से अंधेरा छा जाता है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। शौचालय और पानी की सुविधा बेहाल बस स्टैंड पर बने शौचालयों की हालत बेहद खराब है। टूट-फूट और रखरखाव की कमी की वजह से यात्री इनका उपयोग भी नहीं कर पा रहे। महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को इससे सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं है। अस्थायी रूप से एक टंकी लगाई गई है, लेकिन यात्री इसे पर्याप्त समाधान नहीं मानते। वाहनों की मनमानी पार्किंग से हर दिन जाम बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। बस और निजी वाहन चालक मनचाही जगह वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे परिसर में जाम की स्थिति बन जाती है। नर्मदा परिक्रमा मार्ग से जुड़े रास्ते भी इससे प्रभावित होते हैं, जिससे यात्री और स्थानीय लोग परेशान रहते हैं। स्थानीय लोग बोले- शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई बस स्टैंड से गुजरने वाले संजय मंडलोई का कहना है कि यहां किसी भी तरह की मूलभूत सुविधा व्यवस्थित नहीं है। दिनेश मोरे ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। पास ही में रहने वाले वीरेन ने कहा कि “नाली चोक है, पंखे बंद हैं, शौचालय खराब हैं, बसें और निजी वाहन अव्यवस्थित खड़े रहते हैं। कई आवेदन दिए, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।” यात्रियों की मांग- सफाई, रोशनी और पार्किंग की व्यवस्था जल्द सुधारें स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड में सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त की जाए। उनका कहना है कि यह स्थान जिले का मुख्य परिवहन केंद्र है, इसलिए यहां का सुधार अत्यंत जरूरी है। देखें बस स्टैंड पर अव्यवस्थाओं की तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *