बधाई! इंदौर एयरपोर्ट:आज 88 साल पूरे हुए, पहली बार रिकॉर्ड 40 लाख से ज्यादा यात्रियों के सफर का तोहफा

इंदौर एयरपोर्ट के लिए 7 दिसंबर का दिन खास है। 88 साल पहले आज ही के दिन इंदौर में पहली फ्लाइट आई थी। इसके बाद फ्लाइट और यात्री संख्या बढ़ती चली गई। इस साल खास बात यह रही कि यात्री संख्या रिकॉर्ड 40 लाख तक पहुंच गई। 2018 में 23.66 लाख यात्रियों ने सफर किया था। 2019 में यात्री संख्या 30 लाख पार हुई। 7 साल में इंदौर एयरपोर्ट पर 17 लाख यात्री बढ़ गए। हालांकि, दिसंबर में यात्री संख्या और फ्लाइट संख्या पर थोड़ा ब्रेक जरूर लगा। लगातार इंडिगो की फ्लाइट निरस्त होने और देरी से चलने के कारण असर हुआ। इससे पहले नवंबर में औसत हर दिन 12 हजार यात्री सफर कर रहे थे। इस साल नवंबर तक पहली बार 40 लाख यात्री संख्या को पार कर गए हम
इंदौर एयरपोर्ट से इस साल 40 लाख यात्री संख्या पार हो गई। अभी दिसंबर बाकी है। इंदौर एयरपोर्ट से हर साल यात्री संख्या लगातार बढ़ रही है, इसे देखते हुए यात्री सुविधाएं भी बढ़ा रहे हैं। नए साल से ओल्ड टर्मिनल बिल्डिंग से भी फ्लाइट का संचालन शुरू हो जाएगा।
– सुनील मग्गीरवार, एयरपोर्ट डायरेक्टर 7 दिसंबर 1937 को जेआरडी टाटा लेकर आए थे पहली फ्लाइट
7 दिसंबर 1937 को इंदौर एयरपोर्ट पर जेआरडी टाटा पहली फ्लाइट लेकर आए थे। इससे पहले 1935 में एयरपोर्ट का काम शुरू हुआ था। बाद में टाटा एयरलाइंस ने बंबई (मुंबई), इंदौर-भोपाल-ग्वालियर-दिल्ली के बीच उड़ान शुरू की थी। 1 अप्रैल 1950 से केंद्रीय वित्तीय एकीकरण योजना के अधीन एयरपोर्ट को भारत सरकार को सौंप दिया गया। नवंबर 1982 में इंदौर से दिल्ली, मुंबई की नियमित उड़ानें शुरू हुईं। बाद में पुणे, भोपाल, अहमदाबाद सहित अन्य रूट जुड़ते चले गए। 15 जुलाई 2019 : यह दिन भी खास, क्योंकि इंटरनेशनल रूट जुड़ा
इंदौर एयरपोर्ट के लिए 15 जुलाई 2019 का दिन भी खास रहा, क्योंकि इस दिन पहली बार इंदौर से इंटरनेशनल रूट पर दुबई के लिए फ्लाइट शुरू हुई। पहले दुबई फिर शारजाह के लिए फ्लाइट का संचालन शुरू हुआ। शुरुआत में दुबई फ्लाइट चार दिन संचालित होती थी। कोरोना के बाद सप्ताह में एक दिन हुई। बाद में एयरइंडिया एक्सप्रेस ने शारजाह के लिए फ्लाइट का संचालन शुरू किया। अब शारजाह के लिए अक्टूबर 2025 से सातों दिन फ्लाइट संचालित हो रही है। फ्लाइट कैंसल, उत्साह बरकरार एमजीएम के 14 डॉक्टरों का ग्रुप ट्रैवलर से हैदराबाद पहुंचा इंदौर. एक ओर फ्लाइट निरस्त होने से यात्रियों में गुस्सा है, वहीं कुछ यात्री वैकल्पिक इंतजाम कर अपनी ट्रिप पूरी कर रहे हैं। इंडिगो की इंदौर-हैदराबाद फ्लाइट निरस्त हुई तो एमजीएम मेडिकल कॉलेज की 1987 बैच के 14 डॉक्टरों का ग्रुप ट्रैवलर से हैदराबाद पहुंचा। दरअसल, डॉक्टरों को अपने बैच मिलन समारोह में शामिल होना था। फ्लाइट रद्द होने के बाद भी उनका उत्साह कम नहीं हुआ। ग्रुप ने तुरंत फैसला लिया और सुबह 10 बजे ट्रैवलर से हैदराबाद के लिए निकल पड़े। रातभर सफर तय कर अगले दिन सुबह पहुंच गए। उधर, एयरपोर्ट पर शनिवार को यात्रियों की परेशानी का लगातार चौथा दिन था। इंडिगो एयरलाइंस की सुबह 6.40 से लेकर रात 10 बजे तक लगातार फ्लाइट निरस्त होती चली गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *