भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह क्षेत्र में औचक जांच कर कार्रवाई की। टीम ने अवैध खनन में उपयोग की जा रही जेसीबी और एक हाइवा को जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बम्हनीडीह क्षेत्र में बिना अनुमति रेत का अवैध उत्खनन और भंडारण किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर टीम ने दबिश दी। जांच में पाया गया कि नदी क्षेत्र के पास भारी मात्रा में रेत अवैध रूप से डंप की गई थी। जेसीबी से उत्खनन कर हाइवा वाहन में रेत भरकर परिवहन की तैयारी की जा रही थी। मौके पर ही दोनों वाहनों को जब्त कर थाना बम्हनीडीह में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। अवैध रूप से जमा रेत को हटवाकर नियमों के अनुसार नदी में वापस डलवाया गया, ताकि पर्यावरणीय नुकसान को रोका जा सके। खनिज विभाग के अनुसार अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।


