पंजाब के बरनाला में आज तपा पुलिस चौकी के सामने एक परिवार ने धरना प्रदर्शन किया। यह धरना सुसाइड के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिया गया। तपा क्षेत्र के निवासी जोतराम ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की मां संतोष रानी ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी शंकर, उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी और भाई राहुल की वजह से उनके बेटे ने यह कदम उठाया। मृतक की मां के अनुसार, कुछ दिन पहले एक विवाद हुआ था। आरोपी शंकर को अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और जोतराम के संबंधों पर शक था। इसी कारण शंकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जोतराम की पिटाई की, जिसके बाद जोतराम ने जहर खा लिया। पुलिस ने लक्ष्मी देवी, शंकर और राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की मां संतोष रानी, पत्नी पूनम देवी और अन्य परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। टप्पा पुलिस चौकी के इंचार्ज बलजीत सिंह ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


