पंजाब पुलिस का नशा विरोधी अभियान तेज हो गया है। बरनाला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर कौंसिल के पीछे बस्ती में कैशो’ ऑपरेशन चलाया। इस दौरान डीआईजी सुखवंत सिंह गिल ने खुद मोर्चा संभाला। अभियान में 9 गेजेटिड अधिकारियों के नेतृत्व में ढाई सौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इनमें 65 महिला कॉन्स्टेबल भी शामिल थीं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। भदौड़ में तलाशी अभियान चलाया डीआईजी गिल ने बताया कि बरनाला और भदौड़ में तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस को जहां भी नशा तस्करी की सूचना मिलती है, वहां जांच की जाती है। डीआईजी ने चेतावनी दी कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। नशा मुक्ति केंद्र में मुफ्त इलाज डीआईजी ने कहा कि पुलिस पहले प्यार से समझा रही है कि वे अपनी गलत गतिविधियां छोड़ दें, जो नहीं मान रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नशे के आदी लोगों से अपील की, कि वे पुलिस से संपर्क करें। नशा मुक्ति केंद्र में मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है। डीआईजी ने बरनाला में पीसीआर की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी एसएसपी को दिए हैं।


