बरमान मारपीट कांड के विरोघ में कांग्रेस का धरना:सीईओ पर कार्रवाई की मांग, मामले को दबाने का लगाया आरोप

नरसिंहपुर जिले के बरमान रेतघाट पर एक युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन शुरू कर दिया है। बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बरमान रेतघाट पर युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके बावजूद सीईओ के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस का कहना है कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और किसी अधिकारी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस बीच, माझी समाज ने भी कांग्रेस के इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नर्मदा तट से उनका सीधा जुड़ाव है और घाटों की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी आम नागरिक के साथ मारपीट या अभद्रता स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। धरना स्थल पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता पटेल ने स्पष्ट किया कि जब तक सीईओ गजेंद्र नागेश के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है, जबकि वीडियो साक्ष्य सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। पटेल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन की ओर से अभी तक धरना समाप्त कराने या इस संबंध में किसी ठोस निर्णय की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे इस प्रदर्शन के कारण पूरे दिन राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बनी रही। इस मामले को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन के और तेज होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *