शशि शेखर | बरवाडीह बरवाडीह-लंका-बांसडीह मार्ग जर्जर रहने से लोगों को परेशानी हो रही है। तीन किमी लंबी इस सड़क पर 100 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे हैं। सामान्य दिनों में चलना मुश्किल है। बारिश में जलजमाव से हालात और खराब हो गए हैं। लोग रोज दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इस सड़क के निर्माण के लिए डेढ़ साल पहले ग्रामीण कार्य विभाग ने टेंडर निकाला था। वह अब तक फाइनल नहीं हो सका है। रोजाना इस सड़क से छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसकी चिंता न तो विभाग के अधिकारियों को है और न ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को। नतीजतन मौजूदा समय में इस सड़क मार्ग से आम लोगों का सफर भगवान भरोसे हो गया है। इस संबंध में आरईओ के कार्यपालक अभियंता ओम प्रकाश बड़ाईक ने कहा कि इस सड़क की निविदा हो चुकी है। अब तक कार्य आवंटित नहीं हुआ है। वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है। बरवाडीह-लंका-मंगरा मार्ग के पांच किमी हिस्से के निर्माण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) ने फरवरी 2024 में 7 करोड़ 74 लाख की लागत से निविदा निकाली थी। बाद में इसे रद्द कर दिया गया। जून 2024 में फिर से निविदा निकाली गई। अब तक कार्य आवंटित नहीं हुआ है। इससे बभंडी, चमरडीहा, लंका, बांसडीह, कोकडु, पीढहे समेत दर्जनों गांव के लोगों की उम्मीदें अधर में लटकी है। ग्रामीण स्थानीय विधायक से सड़क निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं। सरकार के माध्यम से प्रखंड की कई सड़कों की मंजूरी दिलाई गई है। यह सड़क भी उनमें शामिल है। बरसात के बाद हरहाल में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। रामचंद्र सिंह, विधायक, मनिका।


